बड़ी खबर : यहाँ शादी समारोह में 30 से 35 लोग पड़े बीमार, कई अस्पताल में भर्ती, कारणों की जाँच जारी

Renu Negi
2 Min Read

उत्तराखंड के टिहरी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक शादी समारोह खुशियों की जगह लोगों की परेशानी का कारण बन गया। टिहरी के डरसाल गांव में शादी के बाद अचानक कई लोग बीमार पड़ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव के एक होटल में मेहंदी समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भोजन किया, जिसके बाद देर रात कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। सुबह तक बीमार लोगों की संख्या
तेजी से बढ़ गई। स्थिति बिगड़ने पर करीब 30 से 35 लोगों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा कुछ मरीज चंबा, ऋषिकेश और देहरादून में भी उपचार करवा रहे हैं।

हैरान करने वाली बात यह है कि कुछ ऐसे लोग भी बीमार हुए हैं, जिन्होंने शादी में खाना नहीं खाया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पीने का पानी दूषित हो सकता है।
ग्राम प्रधान बुद्धि प्रसाद भट्ट के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग अचानक बीमार हुए, जिसके बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने मामले की जांच की मांग भी की है।

वहीं जिला अस्पताल के CMS डॉ. अमित राय का कहना है कि अब तक 35 मरीज भर्ती किए गए हैं। सभी का इलाज किया जा रहा है और अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर है। कुछ मरीज ठीक होकर घर भी लौट चुके हैं।
फिलहाल राहत की बात यह है कि सभी मरीज खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर खाने और पीने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि जांच में असली वजह सामने आती है या नहीं।

Share This Article
Leave a Comment